#बालाघाट
मंत्री श्री पटेल ने गर्रा में ई-लायब्रेरी का उद्घाटन किया और 124 करोड के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया
कोई भी मजरा-टोला सडक से वंचित नही रहेगा --- मंत्री श्री प्रहलाद पटेल
मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने 22 अक्टूबर को बालाघाट जिले के प्रवास के दौरान लालबर्रा विकासखंड की ग्राम पंचायत गर्रा में नवनिर्मित ई-लायब्रेरी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने 124 करोड़ 06 लाख रुपये की लागत के निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। साथ ही, उन्होंने जिला सरपंच संघ के सम्मेलन को भी संबोधित किया।
इस अवसर पर बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी, विधायक श्री राजकुमार कर्राहे, श्री विवेक विक्की पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री राजा लिल्हारे, जिला पंचायत सीईओ सुश्री तनुश्री मीणा, शिक्षाविद् श्रीमती लता ऐलकर, श्री अभय सेठिया, अखिल भारतीय पंचायत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष श्री अशोक सिंह सेंगर, जिला पंचायत सदस्य श्री डूलेंद्र ठाकरे, सरपंच संघ के जिला अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत गर्रा के सरपंच श्री वैभव बिसेन, श्री विशाल बिसेन, अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।
ग्राम पंचायतों के पास विकास कार्यों के लिए राशि की कमी नहीं : मंत्री श्री पटेल
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम पंचायतों के पास विकास के लिए राशि की कमी नहीं है। ग्राम पंचायत गर्रा ने ई-लायब्रेरी शुरू कर युवाओं के लिए एक अच्छी पहल की है। 16वें वित्त आयोग की राशि भारत सरकार से सीधे ग्राम पंचायतों में आ रही है। प्रदेश सरकार द्वारा भी छठा वित्त आयोग शुरू किया जा रहा है, जिसकी राशि भी ग्राम पंचायतों को सीधे मिलेगी। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतें इस राशि का उपयोग नल-जल योजना के संचालन में कर सकती हैं। ग्राम पंचायतों को टैक्स लेने का अधिकार है। वे अपने क्षेत्र में नियमानुसार टैक्स लेकर अपनी आय बढ़ाएं। ग्राम पंचायत जब ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराती है, तो उसे जलकर लेने से पीछे नहीं हटना चाहिए।
अगले तीन साल में प्रदेश का कोई भी मजरा-टोला सड़क से वंचित नहीं रहेगा
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि गर्रा में जिले के 124 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया है। इनमें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्य भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा शुरू की गई यह योजना गांवों के लिए वरदान है। आने वाले तीन साल के बाद प्रदेश का कोई भी मजरा-टोला सड़क से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने रहवासी क्षेत्रों के नए मापदंड निर्धारित किए हैं। इसके तहत 20 मकान, 100 की आबादी अथवा 6 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र को टोला-मजरा मानकर वहां पक्की सड़क पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में 500 की आबादी वाले टोले-मजरे तक सड़क पहुंचाने के लिए टेंडर हो चुके हैं।
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएम जनमन) में मध्यप्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 27 लाख 50 हजार लोगों की आवास प्लस सूची में शामिल सभी हितग्राहियों के आवास स्वीकृत कर दिए गए हैं। अब छूटे हुए लोगों के लिए तीसरा सर्वे शुरू किया जा रहा है।
प्रदेश में 2,472 ग्राम पंचायत भवन दिसंबर 2026 तक होंगे पूर्ण
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग द्वारा योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। उनके द्वारा प्रदेश में 2,472 ग्राम पंचायत भवन स्वीकृत किए गए थे, जो दिसंबर 2026 तक पूर्ण होकर लोकार्पित कर दिए जाएंगे। इसी प्रकार, 3,700 से अधिक सामुदायिक भवन स्वीकृत किए गए हैं, जिनकी लागत 25 लाख रुपये से कम नहीं है। पांच हजार से अधिक आबादी वाली पंचायतों को दो सामुदायिक भवन दिए जा रहे हैं। जिन पंचायतों में ग्राम पंचायत भवन नहीं था, उन्हें सबसे पहले ग्राम पंचायत भवन स्वीकृत किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 106 जनपद पंचायत भवन स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही प्रदेश के चार नए जिलों एवं दतिया जिले के लिए जिला पंचायत भवन भी स्वीकृत किए गए हैं।
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि वीबी-जीरामजी योजना में कार्यों पर कोई रोक नहीं है। ग्राम पंचायतें मनरेगा की तरह ही इस योजना के अंतर्गत भी कार्य करा सकती हैं। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि ग्रामसभा एवं ग्राम पंचायत की बैठकों में पंचों एवं सदस्यों का शामिल नहीं होना चिंतन का विषय है। सभी पंचों को ग्राम पंचायत की बैठकों में तथा ग्रामीणों को ग्रामसभा की बैठकों में अवश्य शामिल होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार पंचायत समितियों को अधिकार देने जा रही है, जिससे वे अपनी पंचायत के विकास से संबंधित निर्णय ले सकें।
ई-लायब्रेरी से क्षेत्र के युवाओं को मिलेगी बेहतर सुविधा : सांसद श्रीमती भारती पारधी
सांसद श्रीमती भारती पारधी ने ग्राम पंचायत गर्रा में सरपंच श्री वैभव बिसेन द्वारा ई-लायब्रेरी प्रारंभ करने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के युवाओं को ज्ञानवर्धन के लिए अच्छी सुविधा मिलेगी और वे पढ़ाई के क्षेत्र में आगे बढ़ने में सफल होंगे। उन्होंने कहा कि बालाघाट जिले के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। प्रदेश में होने वाली प्रत्येक प्रतियोगी परीक्षा में बालाघाट जिले के युवा अपना परचम लहराते हैं। प्रदेश के हर जिले में बालाघाट की नर्सिंग छात्राएं सेवाएं देती हुई मिल जाती हैं।
किसानों की सिंचाई समस्या के समाधान के लिए भीमगढ़ जलाशय से दिलाया पानी
सांसद श्रीमती पारधी ने कहा कि उनके द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों की सिंचाई संबंधी समस्या को देखते हुए उन्होंने भीमगढ़ जलाशय से बालाघाट जिले के हिस्से का पानी छुड़वाया है। इसकी अगले एक दिन में ढूटी नहर से वारासिवनी एवं उसके आसपास के क्षेत्र में पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम को विधायक श्री राजकुमार कर्राहे एवं श्री विवेक विक्की पटेल ने भी संबोधित किया।
124 करोड़ 06 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन
कार्यक्रम में 124 करोड़ 06 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इसमें मध्यप्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण, परियोजना क्रियान्वयन इकाई क्रमांक 1 एवं 2, जिला बालाघाट के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 62 कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण शामिल है। इन कार्यों में पीएम जनमन योजना के अंतर्गत 04 मार्ग एवं 23 ब्रिज, क्षतिग्रस्त ब्रिजों के पुनर्निर्माण के अंतर्गत 11 ब्रिज तथा मुख्यमंत्री मजराटोला योजना के अंतर्गत 22 मार्गों के कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, आर.सी.पी.एल.डब्ल्यू.ई.ए. योजना के अंतर्गत 02 कार्यों का लोकार्पण किया गया।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minrdd #prahladspatel #bhartipardhimp #schooledump