#बालाघाट
अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य भगत सिंह नेताम ने किया मलांजखंड कॉपर प्रोजेक्ट का दौरा
उत्पादन, स्थानीय रोजगार, सीएसआर गतिविधियों और श्रमिकों के कल्याण पर की चर्चा
मध्य प्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री भगत सिंह नेताम ने 22 अक्टूबर को हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड की इकाई मलांजखंड कॉपर प्रोजेक्ट (एमसीपी) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना प्रबंधन के साथ समीक्षा बैठक कर तांबा उत्पादन, स्थानीय रोजगार, भूमि संबंधी मामलों, सीएसआर गतिविधियों तथा श्रमिकों के कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने परियोजना की भूमिगत खदान का निरीक्षण कर चल रही खनन गतिविधियों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
दौरे के दौरान बैहर के अनुविभागीय दंडाधिकारी श्री अनिकेत शांडिल्य, श्री प्रवीण मेश्राम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनुपमा नेताम, खनिज अधिकारी सुश्री फरहत जहां, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती शकुंतला डामोर तथा वन विभाग, जनजातीय कार्य विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। एमसीपी प्रबंधन के साथ आयोजित बैठक का नेतृत्व महाप्रबंधक एवं कार्यकारी निदेशक श्री प्रवीण दवे ने किया। बैठक में एजीएम (एक्सप्लोरेशन) श्री वी.एन. मिश्रा, मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन) श्री प्रमोद कुमार, मुख्य प्रबंधक (सीएसआर) श्री हिमांशु शेखर पाणिग्रही सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में तांबा उत्पादन एवं भविष्य की योजनाओं, स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर, भूमि अधिग्रहण एवं अतिक्रमण से संबंधित मामलों, आसपास के गांवों में संचालित कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) गतिविधियों तथा स्थानीय लोगों को उपलब्ध स्वास्थ्य एवं अस्पताल सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा टर्मिनल टैक्स से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
आयोग के सदस्य श्री नेताम ने मान्यता प्राप्त ट्रेड यूनियन भारतीय खनिज मजदूर संघ (बीकेएमएस) के अध्यक्ष श्री डी.आर. पटले एवं महामंत्री श्री हेमंत भगत से भी मुलाकात की। इस दौरान श्रमिकों से संबंधित विभिन्न मुद्दों तथा उनके कल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। समीक्षा बैठक के बाद श्री नेताम एवं उनके साथ आए अधिकारियों ने मलांजखंड कॉपर प्रोजेक्ट की भूमिगत खदान का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने खनन गतिविधियों और सुरक्षा उपायों का निरीक्षण कर परियोजना के संचालन से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #WelfareTribal