420 ग्राम चरस और 5.01 ग्राम स्मैक बरामद, मोटरसाइकिल भी कब्जे में
टिहरी पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 3 तस्कर गिरफ्तार
420 ग्राम चरस और 5.01 ग्राम स्मैक बरामद, मोटरसाइकिल भी कब्जे में
टिहरी गढ़वाल, 20 सितंबर। जनपद टिहरी गढ़वाल में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देशन में थाना मुनि की रेती पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 19/20 सितंबर की रात चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान कपटीयाल मोड़, ढालवाला से विनीत भट्ट (34) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 5.01 ग्राम स्मैक बरामद होने का पुलिस ने दावा किया है। मामले में थाना मुनि की रेती में मुकदमा संख्या 104/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में अभियोग दर्ज किया गया है।
वहीं, तपोवन बैरियर के पास चेकिंग के दौरान वाहन संख्या UK-14M-1273 में सवार सलमान (34) और मनीष नेगी (26) को पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों के कब्जे से 420 ग्राम चरस बरामद हुई। इस मामले में मुकदमा संख्या 105/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 में अभियोग दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में विनीत भट्ट मुनि की रेती क्षेत्र का निवासी है, जबकि सलमान मूल रूप से पानीपत, हरियाणा का रहने वाला बताया गया है और वर्तमान में ऋषिकेश की आईडीपीएल लेबर कॉलोनी में रह रहा था। तीसरा आरोपी मनीष नेगी नरेंद्रनगर क्षेत्र का निवासी है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 5.01 ग्राम स्मैक, 420 ग्राम चरस और एक मोटरसाइकिल बरामद करने की जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई में थाना मुनि की रेती पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक आशीष रावत, उपनिरीक्षक प्रवीन रावत सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। वहीं ANTF टीम का नेतृत्व उपनिरीक्षक आशीष शर्मा ने किया।