पलवल: *‘सेवा संकल्प अभियान’ : ‘कहानी बदलाव की’*
*पीएम सूर्य घर योजना से रोशन हो रहे परिवारों के सपने*
*- सौर ऊर्जा अपनाकर बिजली खर्च में मिली बड़ी राहत*
*- सरकारी सब्सिडी से सोलर पैनल लगवाना हुआ आसान*
*- धर्मवीर और समंदर ने साझा किए पीएम सूर्य घर योजना के लाभ*
*- स्वच्छ ऊर्जा के साथ आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते परिवार*
*पलवल, 6 अक्टूबर।*
केंद्र एवं हरियाणा सरकार द्वारा आमजन को स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चलाई जा रही पीएम सूर्य घर योजना लोगों के लिए आर्थिक राहत का माध्यम बन रही है। योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर पैनल लगवाने के लिए सरकार की ओर से सब्सिडी प्रदान की जा रही है, जिससे परिवारों को बिजली के खर्च में बचत के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा का लाभ भी मिल रहा है।
जिला पलवल के गांव डकोरा निवासी धर्मवीर पुत्र फतेह सिंह ने पीएम सूर्य घर योजना के तहत अपने घर पर 2 किलोवाट का सोलर कनेक्शन लगवाया। उन्होंने बताया कि सोलर पैनल लगने से उन्हें बिजली के क्षेत्र में काफी लाभ मिला है। केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से प्राप्त सब्सिडी से उन्हें आर्थिक सहायता मिली, जिससे सोलर कनेक्शन लगवाना आसान हुआ। धर्मवीर ने योजना को आमजन के लिए बेहद लाभकारी बताते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
इसी प्रकार गांव अलावलपुर निवासी समंदर पुत्र देवी राम ने भी पीएम सूर्य घर योजना के तहत अपने घर पर 2 किलोवाट का सोलर पैनल लगवाया है। उन्होंने बताया कि उनका सोलर सिस्टम प्रतिदिन लगभग 8 से 10 यूनिट बिजली का उत्पादन कर रहा है, जिसके कारण उनके बिजली बिल में काफी कमी आई है और उनका बिजली बिल लगभग शून्य हो गया है। समंदर ने बताया कि उन्हें सरकार की ओर से लगभग 1.10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई, जिससे उन्हें काफी आर्थिक राहत मिली। उन्होंने इस सहायता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पीएम सूर्य घर योजना बहुत अच्छी और लाभकारी योजना है। उन्होंने अन्य परिवारों से भी योजना का लाभ उठाकर अपने घरों पर सोलर पैनल लगवाने का आह्वान किया।
दोनों लाभार्थियों का कहना है कि सौर ऊर्जा अपनाने से न केवल बिजली के खर्च में राहत मिल रही है, बल्कि परिवार स्वच्छ और हरित ऊर्जा की दिशा में भी योगदान दे रहे हैं। पीएम सूर्य घर योजना आमजन को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और आर्थिक बचत का लाभ पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
000
Palwal, Palwal | Oct 6, 2026