मधेपुरा के मानिकपुर चौक के समीप मंगलवार देर शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। सीएनजी ऑटो और दो बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। घायलों में अधिकांश महिलाएं शामिल हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को मधेपुरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। सीएनजी ऑटो में सवार सभी लोग सिंहेश्वर के रहने वाले थे। वे महादेवपुर घाट से स्नान कर वापस सिंहेश्वर लौट रहे थे। इसी दौरान मानिकपुर ओवरब्रिज के समीप ऑटो और बाइक के बीच टक्कर हो गई। दुर्घटना में ऑटो में सवार अधिकांश महिलाएं घायल हो गईं। घायलों में कई लोगों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन सदर अस्पताल पहुंचने लगे। अस्पताल परिसर में घायलों के परिजनों की भीड़ जुट गई।
#Newskosisanchar11 #deshhitsamacher11