#बालाघाट
सीएमएचओ ने किरनापुर में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की,
योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश
जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरनापुर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. परेश उपलप की अध्यक्षता में विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. आयुषी राउत भी उपस्थित रहीं।
बैठक में डॉ. परेश उपलप ने स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अनमोल पोर्टल, एचएमआईएस (HMIS), दस्तक अभियान, नियमित टीकाकरण कार्यक्रम, सीएम हेल्पलाइन, एनसीडी (गैर संचारी रोग) कार्यक्रम, नशा मुक्त भारत अभियान तथा संस्थागत प्रसव की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं मैदानी स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीएमएचओ डॉ उपलप ने नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रमों का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही वर्षा ऋतु को देखते हुए मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए सतर्कता बरतने, समय पर सर्वे एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं ग्राम आरोग्य केंद्रों में सभी आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।
बैठक में जिला कार्यालय बालाघाट से आईडीएसपी मैनेजर अनूप देशमुख सहित ब्लॉक के बीईई, बीपीएम, बीसीएम, सेक्टर सुपरवाइजर, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) एवं एएनएम उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #healthminmp
85 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jul 16, 2026