#बालाघाट
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में रोजगार मेले का आयोजन, 328 युवाओं को मिला जॉब ऑफर
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बालाघाट में 15 जुलाई को स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में एक दिवसीय विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे के निर्देशन में आयोजित मेले में 500 से अधिक युवाओं ने पंजीयन कराया, जबकि 450 से अधिक अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। मुख्य अतिथि श्रीमती मौसम बिसेन हरिनखेड़े सहित अन्य अतिथियों ने युवाओं को कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा पर प्रेरक मार्गदर्शन दिया। वहीं उद्योग विशेषज्ञों ने वर्तमान औद्योगिक आवश्यकताओं, करियर निर्माण तथा रोजगार की संभावनाओं पर उपयोगी जानकारी साझा की।
रोजगार मेले में हुंडई, न्यूबेनो, निको, हायर, स्टार, किमल, फाइट ऑटोमोबाइल सहित 11 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। चयन प्रक्रिया के दौरान 328 अभ्यर्थियों को जॉब ऑफर दिए गए, जिनमें से 89 युवाओं को मौके पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। जिले के 14 महाविद्यालयों के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारियों (टीपीओ) एवं विद्यार्थियों ने भी इस आयोजन में सहभागिता की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. प्रतिमा बिसेन, डॉ. मीमा श्रीवास्तव, जिला नोडल अधिकारी श्री अनिल कुमार पंचारिया सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में आयोजकों ने कहा कि इस तरह के रोजगार मेले युवाओं को उद्योग जगत से जोड़ने, उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करने तथा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। महाविद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों के हित में ऐसे आयोजन निरंतर करता रहेगा।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#skildevolopment
#minmpmsme
2 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jul 16, 2026