अररिया पीएम सूर्यघर योजना: अररिया में 155 घरों पर सोलर पैनल अधिष्ठापन पूर्ण, 69 लंबित कार्य सात दिनों में पूरा कराने का निर्देश
अररिया जिला पदाधिकारी विनोद दूहन के दिशा-निर्देशन में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई की जा रही है। योजना के तहत जिले में अब तक 155 घरेलू उपभोक्ताओं के घरों पर सोलर पैनल का अधिष्ठापन पूर्ण कराया जा चुका है। साथ ही लंबित अधिष्ठापन कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए संबंधित कार्यदायी एजेंसियों एवं अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने का स्पष्ट निर्देश दिया जा रहा है।
इस क्रम में आज जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के कार्यों की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित आवेदनों एवं सोलर पैनल अधिष्ठापन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान बताया गया कि 69 आवेदकों के घरों पर अभी सोलर पैनल का अधिष्ठापन लंबित है। इनमें 58 आवेदकों को विगत सात दिनों के अंदर स्वीकृति प्राप्त हुई है।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि स्वीकृति प्राप्त सभी आवेदकों के घरों पर अगले सात दिनों के अंदर हर हाल में सोलर पैनल अधिष्ठापन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने लंबित कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं करने तथा संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा कराने का निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में अधिष्ठापन कार्य से जुड़ी कुछ एजेंसियों के प्रतिनिधियों के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने संबंधित एजेंसियों से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया। बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को अपने घरों पर सोलर पैनल लगाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है।
योजना के तहत 1 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल पर ₹40,000, 2 किलोवाट पर ₹80,000 तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सोलर पैनल पर अधिकतम ₹98,000 तक की सब्सिडी का प्रावधान है। बैठक में विद्युत कार्यपालक अभियंता श्री गौरव कुमार एवं श्री राजेश प्रियदर्शी, सभी सहायक अभियंता, कनीय विद्युत अभियंता, जिला प्रबंधक जीविका अररिया एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
Araria, Araria | Sep 11, 2026