#सुखपुरा में #तृतीय #सोपान #जांच #शिविर का समापन, नब्बे #स्काउट-#गाइड ने लिया हिस्सा
सुखपुरा, बलिया,
भारत स्काउट और गाइड, उत्तर प्रदेश के प्रादेशिक मुख्यायुक्त डॉ. प्रभात कुमार के दिशा-निर्देशन में ए.एस.एम. कान्वेंट स्कूल, सुखपुरा में सात अक्टूबर से चल रहे तृतीय सोपान जांच शिविर का रविवार को समापन हुआ। शिविर में जनपद के विभिन्न विद्यालयों और स्वतंत्र स्काउट-गाइड दलों के कुल नब्बे प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत स्काउट और गाइड, जनपद बलिया के जिला कमिश्नर डॉ. विश्व रंजन सिंह ने स्काउटिंग-गाइडिंग गतिविधियों को प्रत्येक विद्यालय में नियमित रूप से संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों और युवाओं का सर्वांगीण विकास होगा तथा उनमें अनुशासन, नेतृत्व और सेवा की भावना मजबूत होगी।
जिला सचिव राजेश कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया और वर्षभर की गतिविधियों की समीक्षा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि तृतीय सोपान जांच शिविर प्रतिभागियों की स्काउटिंग दक्षताओं को परखने के साथ उन्हें अनुशासन, नेतृत्व और सेवा के मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
शिविर में ए.एस.एम. कान्वेंट स्कूल सुखपुरा, कुंवर सिंह इंटर कॉलेज, मनियर इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, गुलाब देवी बालिका इंटर कॉलेज सहित आजाद स्काउट दल, श्रीकृष्ण स्काउट दल, एनी बेसेंट गाइड कंपनी और तापसी गाइड कंपनी के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान स्काउट-गाइड की दक्षता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, सेवा भावना और व्यावहारिक ज्ञान का विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से परीक्षण किया गया।
सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त, आजमगढ़ मंडल शैलेश प्रकाश ने कहा कि शिविर का उद्देश्य स्काउट-गाइड को जिम्मेदार, अनुशासित, आत्मनिर्भर और सेवाभावी नागरिक के रूप में विकसित करना है। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने भी स्काउटिंग-गाइडिंग को बच्चों में राष्ट्रप्रेम, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व और समाजसेवा की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम बताया।
शिविर के आयोजन में जिला सचिव एवं एलओसी राजेश कुमार सिंह, जिला संगठन आयुक्त गाइड सरिता कुमारी, जिला संगठन आयुक्त स्काउट सौरभ कुमार पाण्डेय, यूनिट प्रभारी एस.पी.एन. तिवारी, गुलाब देवी बालिका इंटर कॉलेज की प्रभारी गौरी वर्मा, ट्रेनिंग काउंसलर नफील अख्तर आजाद, उपेंद्र नारायण सिंह, श्याम जी वर्मा, आरोही सिंह, रवि प्रकाश और विकास कुमार ने सक्रिय भूमिका निभाई।
शिविर के सफल आयोजन में विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार सिंह, प्रधानाचार्य अजीत कुमार पाण्डेय, शिक्षकगण और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का सहयोग रहा। इस अवसर पर जिला गाइड कमिश्नर प्रतिमा सिंह, जिला प्रशिक्षण आयुक्त निर्भय नारायण सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला स्काउट मास्टर अरविन्द कुमार सिंह ने किया।