राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष प्रो. वीरेन्द्र कुमार मल्होत्रा ने योजनाओं की समीक्षा कर किया विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण
---
मध्यप्रदेश राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष प्रो. वीरेन्द्र कुमार मल्होत्रा ने बुधवार को कलेक्टर सभाकक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में संचालित खाद्य एवं पोषण संबंधी योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऐश्वर्या वर्मा सहित खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा बैठक में खाद्यान्न उपार्जन, लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली, उचित मूल्य दुकानों तक खाद्यान्न के परिवहन एवं उपलब्धता, प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना (मध्यान्ह भोजन), स्कूलों में पेयजल व्यवस्था, महिला एवं बाल विकास विभाग के पूरक पोषण आहार कार्यक्रम तथा पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती बच्चों की स्थिति की समीक्षा कर जानकारी ली गई।
अध्यक्ष प्रो. मल्होत्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने मध्यान्ह भोजन के लिए खाद्यान्न के समय पर उठाव एवं वितरण तथा उचित मूल्य दुकानों तक खाद्यान्न की उपलब्धता की जानकारी भी ली।
विभिन्न संस्थानों का किया निरीक्षण
जिले के भ्रमण के दौरान राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष प्रो. वीरेन्द्र कुमार मल्होत्रा ने अशोकनगर खंडवा स्थित सेंट्रल किचन का निरीक्षण किया। इसके अलावा गोकुल ग्राम स्थित स्कूल, सुदामापुरी एवं सिहाड़ा के आंगनवाड़ी केंद्र, सिहाड़ा की उचित मूल्य दुकान तथा जिला अस्पताल स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित धिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों एवं हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने तथा खाद्यान्न एवं पोषण संबंधी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अध्यक्ष प्रो. वीरेन्द्र कुमार मल्होत्रा द्वारा जिले में संचालित लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली, पूरक पोषण आहार कार्यक्रम, प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना (मध्यान्ह भोजन) एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के क्रियान्वयन की जानकारी भी ली।
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Department of Food, Civil Supplies & Protection - Madhya Pradesh
#khandwa