मरांची में मवेशी व्यापारी की पीट-पीटकर हत्या: शराब पिलाने के बाद वारदात को दिया अंजाम, भगत टोला से बरामद हुआ शव
बाढ़ (बिहार): बाढ़ अनुमंडल के मरांची थाना क्षेत्र में एक मवेशी व्यापारी की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। मरांची थानाध्यक्ष रौशन कुमार के अनुसार, नौ भैया टोला निवासी रामप्रवेश सिंह 18 सितंबर की रात से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थे। रविवार सुबह पुलिस ने उनका शव भगत टोला इलाके से बरामद कर लिया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि 18 सितंबर की रात रामप्रवेश सिंह मवेशियों की खरीद-बिक्री के सिलसिले में घर से निकले थे। परिजनों का दावा है कि कुछ लोगों ने सोची-समझी साजिश के तहत उन्हें पहले अत्यधिक शराब पिलाई और फिर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने की नियत से शव को भगत टोला के पास फेंक दिया गया।
रविवार अहले सुबह स्थानीय लोगों ने लावारिस हालत में शव देखा, जिसकी पहचान लापता रामप्रवेश सिंह के रूप में हुई। सूचना मिलते ही मरांची थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है। परिजनों के बयानों और शुरुआती साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि घटना में शामिल दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
#Mokama #AnantSingh
Mokameh, Patna | Sep 20, 2026