*छठ महापर्व की तैयारियों एवं विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक*
*सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, जलकुंभी हटाने, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश*
*खतरनाक घाटों पर गोताखोर एवं आपदा मित्र रहेंगे तैनात*
दरभंगा, 10 नवंबर 2026 :-
जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में छठ महापर्व की तैयारियों एवं विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर सभी संबंधित पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, भूमि सुधार उप समाहर्ताओं, प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में अवस्थित सभी पोखरों, तालाबों एवं अन्य जलाशयों को चिह्नित करते हुए छठ पूजा से पूर्व उनकी समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित कराएं।
घाटों के आसपास जमा गंदगी एवं जलकुंभी को हटवाने के साथ-साथ श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि जिन छठ घाटों को खतरनाक अथवा संवेदनशील के रूप में चिह्नित किया गया है, वहां पर्याप्त बैरिकेडिंग कराई जाए तथा खतरे वाले स्थानों पर लाल झंडा एवं खतरे का निशान लगाकर श्रद्धालुओं को स्पष्ट रूप से सचेत किया जाए।
जिलाधिकारी ने नदी एवं अन्य खतरनाक छठ घाटों पर गोताखोरों तथा आपदा मित्रों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संवेदनशील घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, आवश्यक संसाधन एवं सतर्कता बनाए रखी जाए। छठ व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रमुख घाटों पर कपड़ा बदलने के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के प्रमुख चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर छठ महापर्व के पारंपरिक एवं भक्तिमय गीत बजाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि पूरे जिले में छठमय एवं भक्तिमय वातावरण बना रहे।
उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अपने-अपने निर्धारित प्रतिनियुक्ति स्थलों पर उपस्थित रहकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी जला रड्डी ने सभी थानाध्यक्षों को सक्रिय एवं सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के पोखरों एवं तालाबों पर पुलिस पदाधिकारियों के साथ-साथ चौकीदारों की भी सक्रियता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने खतरनाक घाटों पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से रस्सी आदि की व्यवस्था रखने तथा घाटों पर लगातार उद्घोषणा (अनाउंसमेंट) कर श्रद्धालुओं को आवश्यक सावधानियों एवं सुरक्षा निर्देशों से अवगत कराने का निर्देश दिया। साथ ही सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में गश्ती दल की सक्रियता एवं गश्ती की संख्या बढ़ाने को कहा, ताकि छठ महापर्व के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण प्रभावी ढंग से किया जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर छठ महापर्व से पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण करने तथा पर्व के दौरान पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री सलीम अख्तर, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री कुमार गौरव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री राजीव कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े हुए थे।
#BiharSarkar
#CMBihar
#SamratChoudhary
#CMSamrat
#MukhyamantriBihar