गाजीपुर में बीच सड़क पत्नी को चापड़ से काट डाला:* बच्चों के सामने गला रेता, मारने के बाद पूछा- देखो जिंदा है या मर गई
गाजीपुर में सोमवार को एक पति ने अपनी पत्नी की चापड़ से काटकर हत्या कर दी। अपने बच्चों से कहा, "बेटा, देखो मर गई कि नहीं।" घटना के दौरान सड़क पर मौजूद कई लोग तमाशबीन बने रहे, लेकिन किसी की महिला को बचाने की हिम्मत नहीं की।
महिला की ब्यूटी पार्लर की दुकान थी। शाम करीब 7:30 बजे वह दुकान पर काम कर रही थी। तभी उसका पति गुस्से में वहां पहुंचा। पत्नी को बाहर बुलाकर उस पर चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मां को लहूलुहान देख बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे।
हत्या के बाद आरोपी चापड़ लेकर बच्चों के साथ मौके पर ही बैठा रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी कह रहा था, "मुझे पत्नी को मारने का कोई गम नहीं है।" घटना शादियाबाद इलाके की है।
गुरैनी गांव के रहने वाले रविकांत कुमार उर्फ हनी कुमार (32) अपने परिवार के साथ रहता है। परिवार में उसकी पत्नी कुसुम विश्वकर्मा (30), बेटी शालू (8) और एक साल का बेटा है। दोनों ने 2023 में लव मैरिज की थी। हनी की यह पहली, जबकि कुसुम की दूसरी शादी थी। हनी ऑर्केस्ट्रा चलाता है, जबकि 'शालू लेडीज ब्यूटी पार्लर' करती थी।
कुसुम की पहली शादी करीब 10 साल पहले आजमगढ़ के परसूपुर क्षेत्र में हुई थी। उसकी पहली शादी से आठ साल की बेटी है। पति से झगड़े के बाद वो तलाक लेकर अलग रहने लगी थी। इसी के बाद परिवार चलाने के लिए कुसुम ने दयालपुर में शालू ब्यूटी पार्लर के नाम से दुकान खोली थी।
पत्नी को मारने के बाद पूछा- बेटी देख मां मर गई कि नहीं
पड़ोसियों ने बताया कि पिछले एक हफ्ते से पति-पत्नी के बीच झगड़ा चल रहा था। इसके बाद कुसुम अपने बच्चों के साथ पार्लर में ही रहने लगी थी। सोमवार देर शाम हनी चापड़ लेकर दुकान के बाहर पहुंचा। उसने गाली-गलौज करते हुए कुसुम को आवाज लगाई। जैसे ही कुसुम बाहर निकली, वह बीच सड़क पर उस पर टूट पड़ा और चापड़ से उसका गला रेत दिया।
इसी दौरान बेटी बाहर निकली तो आरोपी हनी ने गाली देते हुए कहा, "देख बेटी, जिंदा है कि मर गई।" सड़क पर मौजूद कई लोग घटना देखते रहे, लेकिन किसी की बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं हुई। गंभीर चोट लगने से कुसुम की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस से बोला- पत्नी को मारने का कोई गम नहीं
महिला की हत्या की सूचना पर थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे। हनी को हिरासत में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हिरासत में लिए जाने के दौरान आरोपी ने कहा, "हमें कोई गम नहीं है।" इस दौरान वह गाली-गलौज भी करता रहा। इस दौरान महिला का लहूलुहान शव बीच सड़क पर ही पड़ा रहा।
भाई ने जीजा पर केस दर्ज कराया
थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया- हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मृतका के भाई जितेंद्र विश्वकर्मा ने अपने जीजा हनी कुमार के खिलाफ शिकायत दी है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है