सड़कों पर आवारा पशुओं से हादसे रोकने के लिए पंचकूला पुलिस की विशेष पहल, पहले दिन हाईवे से 28 पशुओं को सुरक्षित गौशाला पहुंचाया, पूरे जिले में चलेगा विशेष अभियान
पंचकूला/ 14 अगस्त:- पंचकूला में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सड़कों पर घूमने वाले पशुओं के कारण होने वाले सड़क हादसों को रोकने के लिए पंचकूला पुलिस ने एक विशेष पहल शुरू की है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य वाहन चालकों के साथ-साथ बेजुबान पशुओं को भी सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षित रखना है। अभियान के तहत पुलिस की टीमें शहर से लेकर हाईवे तक सड़कों पर घूम रहे पशुओं को सुरक्षित रूप से गौशालाओं तक पहुंचाएंगी।
इस विशेष अभियान की शुरुआत आज डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह की मौजूदगी में हुई। डीसीपी अमरिंदर सिंह स्वयं मौके पर मौजूद रहे और अभियान में तैनात पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अभियान के पहले दिन पंचकूला-यमुनानगर हाईवे से 28 पशुओं को सुरक्षित पकड़कर गौशाला पहुंचाया गया, जिससे हाईवे पर वाहन चालकों के लिए संभावित दुर्घटना के खतरे को कम किया गया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि आज अभियान का पहला दिन था और इसे पूरे जिले में व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों, प्रमुख मार्गों, हाईवे तथा अन्य व्यस्त स्थानों पर घूमने वाले पशुओं को चिन्हित कर उन्हें सुरक्षित रूप से गौशालाओं तक पहुंचाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य सड़क हादसों को रोकना और वाहन चालकों के साथ-साथ पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि कई बार सड़क पर अचानक पशु आने से वाहन चालक अपना संतुलन खो देते हैं, जिससे गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे में यह अभियान यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
इस अभियान में पंचकूला नगर निगम तथा सेक्टर-23 स्थित गौवन सेवा धाम की टीम का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।