विभागीय उपलब्धियों की सफलता की कहानियां जनसंपर्क विभाग को भेजें : कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता
..
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने आज लंबित आवेदनों की समीक्षा बैठक में सभी विभागों के जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों, निर्माण कार्यों तथा नवाचारों पर आधारित उपलब्धियों को रेखांकित करने वाली सफलता की कहानियां नियमित रूप से जनसंपर्क विभाग को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों से आमजन के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को प्रभावी ढंग से सामने लाना आवश्यक है। इसके लिए विभाग ऐसे हितग्राहियों, नवाचारों और विकास कार्यों की जानकारी संकलित करें, जिनसे समाज में उल्लेखनीय परिवर्तन आया हो। इन सफलता की कहानियों के माध्यम से शासन की योजनाओं के प्रभाव और उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा सकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय स्तर पर उपलब्धियों का दस्तावेजीकरण कर समयबद्ध रूप से जनसंपर्क विभाग को भेजा जाएं, ताकि उन्हें विभिन्न प्रचार माध्यमों के जरिए आमजन तक पहुंचाया जा सके। कलेक्टर ने कहा कि सफलता की कहानियां प्रेरणादायक होने के साथ-साथ तथ्यात्मक और प्रमाणिक भी हों, जिससे अन्य लोग भी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित हो सकें।
बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने जिला जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) को निर्देश दिए कि प्रत्येक समय-सीमा (टीएल) बैठक में विभागवार प्राप्त सफलता की कहानियों का विवरण प्रस्तुत किया जाए। इससे यह समीक्षा की जा सकेगी कि कौन-कौन से विभाग अपनी उपलब्धियों और नवाचारों का प्रभावी दस्तावेजीकरण कर रहे हैं तथा किन विभागों को इस दिशा में और प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास और जनकल्याण के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। सफलता की कहानियों के माध्यम से न केवल योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचेगी, बल्कि विकास कार्यों के सकारात्मक परिणाम भी समाज के सामने आएंगे।
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP #vidisha
45 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Jun 16, 2026