📢 खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
आज दिनांक 14 सितंबर 2026 को मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में राज्य के सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
🔹 राशन कार्ड विशेष अभियान की प्रगति
औरंगाबाद जिले में विशेष अभियान के तहत कुल 69,546 ऑफलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। सत्यापन के उपरांत 52,446 आवेदन पात्र पाए गए हैं। दिनांक 14 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे तक 51,872 आवेदनों की डेटा एंट्री पूर्ण की जा चुकी है, जो पात्र आवेदनों का लगभग 99 प्रतिशत है।
इनमें से 51,410 आवेदन ई-केवाईसी के लिए सक्षम किए गए हैं। अब तक 21,289 आवेदनों का ई-केवाईसी पूर्ण हो चुका है, जबकि 30,121 आवेदन ई-केवाईसी हेतु लंबित हैं। वहीं, 16,338 राशन कार्ड निर्गत किए जा चुके हैं।
🔹 जन वितरण प्रणाली दुकानों की स्थिति
औरंगाबाद जिले में जन वितरण प्रणाली दुकानों की रिक्ति शून्य पाई गई। किसी रिक्ति के विरुद्ध आवेदन अथवा लाइसेंस निर्गमन का मामला लंबित नहीं है।
🔹 पाइप्ड नेचुरल गैस कनेक्शन
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा मार्च 2026 तक औरंगाबाद जिले के लिए 2,735 डी-पीएनजी कनेक्शन का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके विरुद्ध वर्तमान में 2,497 कनेक्शन संचालित हैं, जो लक्ष्य का लगभग 91 प्रतिशत है। समीक्षा के समय 272 आवेदन लंबित पाए गए। अतिरिक्त कनेक्शन में तेजी लाने के लिए नया संविदा प्रदान किया जा चुका है तथा मानवबल की तैनाती की प्रक्रिया चल रही है।
मुख्य सचिव, बिहार द्वारा निर्देश दिया गया कि विशेष अभियान के तहत प्राप्त राशन कार्ड आवेदनों के सत्यापन, डेटा एंट्री एवं ई-केवाईसी का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए तथा पात्र लाभुकों को शीघ्र राशन कार्ड उपलब्ध कराया जाए। साथ ही लंबित मामलों की नियमित समीक्षा एवं पाइप्ड नेचुरल गैस कनेक्शन से संबंधित लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद श्रीमती अभिलाषा शर्मा (भा.प्र.से.) द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को लंबित आवेदनों के ससमय निष्पादन, डेटा एंट्री एवं ई-केवाईसी की प्रगति में तेजी लाने तथा पात्र लाभुकों को राशन कार्ड निर्गमन की प्रक्रिया में आवश्यक तेजी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
📍 समाहरणालय, औरंगाबाद
#Aurangabad #RationCard #FoodAndConsumerProtection #PDS #eKYC #PNG
Information & Public Relations Department, Government of Bihar CMO Bihar Food & Consumer Protection Dept., Govt. of Bihar
Aurangabad, Bihar | Sep 14, 2026