इण्डिया स्किल्स कम्पटीशन 2026-28: प्रदेश के युवाओं के हुनर को मिलेगा वैश्विक मंच
SIDH पोर्टल पर 15 सितम्बर तक कराएं निःशुल्क ऑनलाइन पंजीयन
50 से अधिक कौशल विधाओं में प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर
उत्कृष्ट प्रतिभागियों के लिए वर्ल्डस्किल्स एशिया-2027 और वर्ल्डस्किल्स-2028 का खुलेगा मार्ग
मध्यप्रदेश शासन के तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग (कौशलम्) तथा मध्यप्रदेश राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड (MPSSDEGB) के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘इण्डिया स्किल्स कम्पटीशन 2026-28’ आयोजित किया जा रहा है। “कौशल है पहचान, मौका है महान” संदेश के साथ आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के युवाओं को जिला स्तर से वैश्विक स्तर तक अपनी प्रतिभा और कार्यकुशलता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थी कौशल भारत डिजिटल (SIDH) पोर्टल www.skillindiadigital.gov.in पर 15 सितम्बर 2026 तक ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन के बाद अभ्यर्थियों को पोर्टल पर ‘इण्डिया स्किल्स कम्पटीशन 2026-28’ का चयन कर अपना प्रोफाइल एवं संबंधित कौशल का विवरण दर्ज करना होगा। प्रतियोगिता में सहभागिता पूर्णतः निःशुल्क है।
*जिला स्तर से शुरू होगी प्रतिभा की प्रतिस्पर्धात्मक यात्रा*
प्रतियोगिता की चयन प्रक्रिया जिला, राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर चरणबद्ध रूप से आयोजित की जाएगी। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तर और इसके बाद क्षेत्रीय तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय स्तर के विजेताओं को पदक, प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान किए जाएंगे।
राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए ‘वर्ल्डस्किल्स एशिया-2027’ तथा वर्ष 2028 में आयोजित होने वाली वैश्विक ‘वर्ल्डस्किल्स’ प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मार्ग भी प्रशस्त होगा। यह प्रतियोगिता युवाओं की रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता और कार्यकुशलता को निखारने के साथ उन्हें रोजगार एवं करियर निर्माण के बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगी।
*विद्यार्थी और प्रशिक्षित युवा कर सकेंगे सहभागिता*
प्रतियोगिता में आईटीआई, इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक, विद्यालय, विश्वविद्यालय तथा अन्य मान्यता प्राप्त संस्थानों में अध्ययनरत अथवा उत्तीर्ण पात्र युवा भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थी का भारतीय नागरिक होना तथा निर्धारित आयु सीमा के अंतर्गत होना अनिवार्य है। प्रतिभागियों को विभिन्न उद्योगों एवं आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों से संबंधित 50 से अधिक कौशल विधाओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता एवं पंजीयन से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी अपने निकटतम संस्थान के नोडल अधिकारी अथवा जिला स्किल कोऑर्डिनेटर से संपर्क कर सकते हैं। जानकारी विभागीय वेबसाइट www.mpskills.gov.in पर भी उपलब्ध है। विभाग ने प्रदेश के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कर इस कौशल महाअभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया है।
CM Madhya Pradesh
Directorate of Skill Development MP
Directorate of Technical Education, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#bhopal
13 views | Bhopal, Madhya Pradesh | Sep 7, 2026