#रामपुर बुशहर। भारत सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम जनगणना-2027 के तहत रामपुर मे प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण सत्र तीन चरणों में आयोजित होगा। प्रथम चरण का शुभारंभ एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने किया।
जनगणना का प्रथम चरण 16 जून से 15 जुलाई तक चलेगा। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और आवास जनगणना होगी। दूसरे चरण में जनसंख्या गणना जिसमें जनसांख्यिकीय, सामाजिक-आर्थिक और अन्य जानकारियां दर्ज करना शामिल होगा। जनगणना 2027 में डिजिटल तकनीक और मोबाइल एप के उपयोग पर बल रहेगा। प्रशिक्षण में प्रश्नावली और प्रपत्र भरना, घर-घर जाकर मकानों और परिवारों की सही जानकारी एकत्र करने के तरीके सहित अन्य विषय में जानकारी प्रदान की जा रही है।
एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने प्रशिक्षण में शामिल सभी कर्मचारियों से जनगणना अधिनियम के तहत कानूनी प्रक्रियाओं और गोपनीयता को बनाए रखने, प्रगणकों और सुपरवाइजर को समय-सीमा के भीतर अपने दायित्व का निर्वहन करने के निर्देश दिए।