*डीएम की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की शासी निकाय की बैठक सम्पन्न*
*संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करें- जिलाधिकारी*
*01 से 31 अक्टूबर तक चलेगा संचारी रोग नियंत्रण अभियान*
*12 से 31 अक्टूबर तक आयोजित होगा दस्तक अभियान*
*रायबरेली-22 सितम्बर 2026,*
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की शासी निकाय की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद में संचालित स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक से पूर्व जनपद में 01 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित होने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले दस्तक अभियान की तैयारियों के संबंध में भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि दोनों अभियानों को प्रभावी एवं व्यापक रूप से संचालित किया जाए तथा अभियान से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जनजागरूकता के साथ-साथ साफ-सफाई, जलभराव की स्थिति का निराकरण, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, मच्छरों के प्रजनन पर प्रभावी नियंत्रण तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी सुनिश्चित की जाए। ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाए तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिन्हित लक्षण वाले मरीजों की समय से जांच एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि दस्तक अभियान के दौरान आशा एवं अन्य फील्ड कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर संपर्क कर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाए तथा संभावित रोगियों की पहचान कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने अभियान के दौरान साफ-सफाई एवं स्वच्छता गतिविधियों को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला स्वास्थ्य समिति के माध्यम से संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, मरीजों को समय से उपचार उपलब्ध कराने तथा शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान ग्राम पंचायत स्तर से लेकर जनपद स्तर तक गतिविधियों की नियमित मॉनीटरिंग की जाए तथा अभियान की प्रगति की रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े अभियानों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेन्द्र कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।