बस स्टैंड परिसर वैढ़न में सवारी बैठाने को लेकर दो ऑटो चालकों में चले लात-घूंसे, चौकी पुनः स्थापित करने की उठी मांग
सिंगरौली। वैढ़न बस स्टैंड परिसर में बुधवार को सवारी बैठाने को लेकर दो ऑटो चालकों के बीच विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला बढ़ते हुए लात-घूंसों तक पहुंच गया। घटना के दौरान कुछ देर के लिए बस स्टैंड परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बस स्टैंड परिसर में पुनः पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि पूर्व में बस स्टैंड परिसर के मुख्य गेट के बगल में पुलिस चौकी संचालित होती थी, जिसके कारण विवाद और अव्यवस्था की स्थिति काफी हद तक नियंत्रित रहती थी। चौकी हटाए जाने के बाद आए दिन बस स्टैंड परिसर और मुख्य गेट के आसपास विवाद की घटनाएं देखने को मिल रही हैं।
स्थानीय नागरिकों एवं मोटर एसोसिएशन के सदस्यों का कहना है कि पूर्व में भी बस स्टैंड परिसर में चौकी स्थापित किए जाने एवं कम से कम दो पुलिस स्टाफ की तैनाती की मांग की गई थी। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सिंगरौली को कार्यालय में ज्ञापन भी सौंपा गया था। बताया गया कि उस समय मांगों को उचित बताते हुए आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
लोगों का मानना है कि यदि बस स्टैंड परिसर में दोबारा चौकी स्थापित कर नियमित पुलिस व्यवस्था बनाई जाती है तो आवारा तत्वों, चोर-उचक्कों तथा असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण रखा जा सकेगा। साथ ही यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहेगी।
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ ऑटो चालक नशे की हालत में वाहन संचालन करते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ऐसे मामलों में नियमित निगरानी और कार्रवाई की मांग की गई है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।