दीपावली एवं छठ महापर्व को लेकर रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं एवं आवागमन व्यवस्था का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
दीपावली एवं छठ महापर्व के दौरान आमजनों के सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए जिला पदाधिकारी, अररिया श्री विनोद दूहन द्वारा अररिया कोर्ट रेलवे स्टेशन एवं अररिया रेलवे स्टेशन आरएस का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक, अररिया श्री जितेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे।
इस दौरान रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था एवं सुचारू आवागमन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। संबंधित स्टेशन प्रबंधक एवं पदाधिकारियों को पर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन द्वारा पर्व के दौरान आमजनों की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने हेतु सतत निगरानी रखी जा रही है। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अररिया, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अररिया एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।