पीलीबंगा में भाजपा नगर मंडल की बैठक: बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का संकल्प, नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का किया अभिनंदन
#Lalbahadurbhakhar #pilibanga #hanumangarhnews #bjp
पीलीबंगा। भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल पीलीबंगा की मासिक संगठनात्मक बैठक नगर मंडल अध्यक्ष हनीश ग्रोवर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में नगर के सभी बूथ अध्यक्षों, पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक में आगामी समय में संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक सक्रिय व सुदृढ़ करने के साथ-साथ प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ सहित पार्टी के सभी कार्यक्रमों को हर बूथ तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति बनाई गई। इस मौके पर नवनिर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदों को बधाई दी गई तथा निकाय चुनाव में भाजपा पर विश्वास जताने के लिए पीलीबंगा की जनता का आभार प्रकट किया गया।
मंडल अध्यक्ष हनीश ग्रोवर ने कहा कि जनता के भरोसे पर खरा उतरना पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शहर के विकास कार्यों को गति देने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सभी जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्य करेंगे। बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर पर निरंतर जनसंपर्क बनाए रखने का संकल्प लिया।