साप्ताहिक समन्वय बैठक में डीएम ने दिए लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के निर्देश
सासाराम। रोहतास के जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में रविवार को डीआरडीए सभागार में साप्ताहिक समन्वय बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित कार्यों और अंतर-विभागीय समन्वय की समीक्षा की गई। डीएम ने सबसे पहले उच्च न्यायालय में लंबित CWJC और MJC मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र प्रतिशपथ (काउंटर एफिडेविट) दाखिल करने का निर्देश दिया। जिला विधि शाखा ने बताया कि इस सप्ताह 4 एमजेसी और 11 सीडब्ल्यूजेसी मामलों में प्रतिशपथ दाखिल किया गया है। डीएम ने अगले सप्ताह कम से कम 30 मामलों में प्रतिशपथ दाखिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया। बैठक में सहयोग पोर्टल, जनता दरबार, CPGRAM और मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन के निर्देश दिए गए। सभी नगर निकायों में एसटीपी, एमआरएफ और वेंडिंग जोन निर्माण के लिए एक सप्ताह के भीतर भूमि संबंधी अनापत्ति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने को कहा गया। आपदा मुआवजा के पुराने मामलों का शीघ्र निपटारा, विभिन्न विभागों की उपयोगिता प्रमाण पत्र (यूसी) भेजने, भवन एवं योजनाओं के लिए भूमि उपलब्ध कराने तथा अगली समीक्षा बैठक में विभागवार समस्याओं पर पीपीटी प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में सभी जिला स्तरीय अधिकारी तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अनुमंडल, प्रखंड एवं अंचल स्तर के अधिकारी शामिल हुए।