श्रावस्ती में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार; चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद
भिनगा। श्रावस्ती पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली भिनगा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने वर्गा वर्गी जंगल में घेराबंदी कर तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चार चोरी की मोटरसाइकिलें, फर्जी नंबर प्लेट, दो कूटरचित पंजीकरण प्रमाण पत्र, मास्टर चाबियों का गुच्छा और बाइक बिक्री से मिले 3,100 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, बीते 5 नवंबर को जिला चिकित्सालय भिनगा की ओपीडी के सामने से पवन कुमार की प्लेटिना मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली भिनगा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू की थी। सुरागरसी और जांच के दौरान पुलिस को गिरोह से जुड़े अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर 15 नवंबर को संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमजद पुत्र असलम और इरफान पुत्र बाउर निवासी नासिरगंज, थाना सोनवा तथा समीउल्ला उर्फ नसरू पुत्र नसीम निवासी मछरिहवा, थाना कोतवाली भिनगा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अमजद के खिलाफ बहराइच और श्रावस्ती के विभिन्न थानों में चोरी, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं इरफान का भी आपराधिक इतिहास बताया गया है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर आलोक कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राज प्रकाश सिंह के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर तीनों आरोपियों को न्यायालय रवाना कर दिया गया।
#policeofficer #PoliceNews #PoliceAction #PoliceInvestigation #UPPolice #trendingnow #foryoupage #nonfollowers #facebookviral #viralreels #बाइक #bikers SB News UP SB NEWS UP Shravasti Police