ग्राम पंचायत व कमेटी का फैसला: सरपंच विक्रम प्रताप के साथ, 15 अगस्त तीज पर हाई स्कूल में ही होगा दंगल
15 अगस्त तीज के अवसर पर आयोजित होने वाले पारंपरिक दंगल को लेकर ग्राम पंचायत एवं समाज द्वारा गठित कमेटी ने बड़ा फैसला लिया है। दो दिन पूर्व तिगांव अनाज मंडी में आयोजित पंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दंगल का आयोजन इस वर्ष भी तिगांव हाई स्कूल परिसर में ही किया जाएगा।
पंचायत के दौरान सरपंच विक्रम प्रताप नागर ने दंगल आयोजन से जुड़ी पूरी जिम्मेदारी समाज द्वारा गठित कमेटी को सौंपते हुए कहा था कि कमेटी द्वारा जो भी निर्णय लिया जाएगा, वह उन्हें स्वीकार होगा।
सरपंच विक्रम प्रताप नागर ने आरोप लगाया कि उनके और उनके परिवार के साथ-साथ गांव के कुछ अन्य लोगों पर एससी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करवाने का दबाव बनाकर दंगल को हाई स्कूल में आयोजित होने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के दबाव में आकर कई वर्षों से चली आ रही इस पारंपरिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को बंद या स्थानांतरित नहीं किया जाएगा।
बैठक में ग्राम पंचायत एवं कमेटी के सदस्यों ने सरपंच विक्रम प्रताप नागर को अपना पूर्ण समर्थन देते हुए कहा कि कमेटी सत्य और न्याय के साथ खड़ी रहेगी तथा किसी भी प्रकार के अन्याय का समर्थन नहीं करेगी।
पंचायत एवं कमेटी ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 15 अगस्त तीज के अवसर पर होने वाला दंगल तिगांव हाई स्कूल में ही आयोजित किया जाएगा। इस फैसले के बाद दंगल आयोजन को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई है। आयोजकों ने ग्रामीणों से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।