जिला पंचायत वार्ड क्रमांक 6 के उप निर्वाचन हेतु मतदान दलों का द्वितीय चरण का प्रशिक्षण आयोजित
240 मतदान कर्मियों को सैद्धांतिक एवं ईवीएम संचालन का दिया गया प्रशिक्षण
राणापुर जिला पंचायत वार्ड क्रमांक 6 के उप निर्वाचन के लिए मतदान दलों का द्वितीय चरण का प्रशिक्षण सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राणापुर में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में मतदान दलों में नियुक्त पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी क्रमांक-1, मतदान अधिकारी क्रमांक-2 एवं मतदान अधिकारी क्रमांक-3 ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में मतदान कर्मियों को निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित सैद्धांतिक जानकारी दी गई। इसमें मतदान दिवस पर पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारियों के दायित्व, मतदान प्रक्रिया, आवश्यक प्रपत्रों के संधारण तथा निर्वाचन संबंधी आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से समझाया गया। द्वितीय सत्र में मतदान कर्मियों को ईवीएम के संचालन एवं मतदान के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण कुल 5 कक्षों में आयोजित किया गया, जिसमें प्रत्येक कक्ष में 12 मतदान दलों के अनुसार कुल 240 मतदान कर्मियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं संयुक्त कलेक्टर श्री वी.के. मंडलोई ने प्रशिक्षण व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मतदान दल निर्वाचन से संबंधित प्रत्येक प्रक्रिया एवं अपने दायित्वों को अच्छी तरह समझ लें, जिससे मतदान दिवस पर निर्वाचन कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सके।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर श्री मनीष पंवार, श्री खुजेमा अली, श्री गोपाल काग, श्री हिरजी निनामा, श्री धर्मेंद्र जानी, श्री फिरोज खान, श्री अबरार खान, श्री रमेश परमार, श्री सुशीम जायसवाल, श्री अमियाराज चौहान, श्री सतीश पाटीदार एवं श्री मुकेश पाटीदार द्वारा मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। जिला स्तर से उपस्थित मास्टर ट्रेनर श्री हरीश कुंडल एवं श्री एस.के. तिवारी ने भी प्रशिक्षणार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Election Commission of India Chief Electoral Officer Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP