#सेवा_संकल्प_अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक से शासकीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार
बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थियों को अभियान की गतिविधियों से कराया अवगत
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखण्ड राणापुर द्वारा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के तहत शासकीय महाविद्यालय राणापुर में संचालित बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू कक्षाओं में विद्यार्थियों को अभियान के उद्देश्यों एवं गतिविधियों की जानकारी दी गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने लघु नाटिका एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विभिन्न शासकीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर जनजागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी एवं आनंद विभाग के नोडल अधिकारी श्री जगदीश सिसोदिया तथा मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री प्रेमसिंह चौहान ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
श्री जगदीश सिसोदिया ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने अभियान के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के परामर्शदाताओं, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम केवल शैक्षणिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से विद्यार्थियों को समाज एवं समुदाय के बीच सेवा, सहभागिता और नेतृत्व के साथ कार्य करने का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अभियान की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने आसपास के लोगों को भी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री प्रेमसिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं में सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकसित की जा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रत्येक रविवार नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने के साथ अपने-अपने प्रयोगशाला ग्रामों में सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राओं ने लघु नाटिका एवं नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से आमजन को योजनाओं के प्रति जागरूक करते हुए पात्र हितग्राहियों को संबंधित योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन नवांकुर संस्था प्रभारी श्री नरेंद्र वसुनिया ने किया तथा आभार परामर्शदाता श्री राकेश पलिया ने व्यक्त किया। इस अवसर पर परामर्शदाता सुश्री संगीता अजनार, श्री राजेंद्र सोनी, सुश्री रीनू जमरा एवं श्री प्रकाश वसुनिया सहित बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner #Jhabua #JansamparkMP #SevaSankalpAbhiyan #AshirwadKaDiya
3 views | Jhabua, Madhya Pradesh | Sep 21, 2026