पी.टी.सी. परीक्षा उत्तीर्ण 16 पुलिस जवान बने एएसआई, पीपिंग समारोह में कंधों पर सजे सितारे
लखीसराय। पुलिस केंद्र, लखीसराय में सोमवार को गरिमामय वातावरण में पीपिंग समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पी.टी.सी. परीक्षा उत्तीर्ण कर सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) के पद पर पदोन्नत हुए 16 पुलिस जवानों को औपचारिक रूप से नई जिम्मेदारी सौंपी गई।
समारोह में पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार एवं पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), लखीसराय ने सभी पदोन्नत पुलिस जवानों के कंधों पर एएसआई पद के सितारे लगाकर उन्हें अलंकृत किया। इसके साथ ही अधिकारियों ने सभी नवपदोन्नत पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों में वृद्धि का भी प्रतीक है। उन्होंने सभी नवपदोन्नत एएसआई को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा पूरी ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) ने भी पदोन्नत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने अनुभव और कार्यकुशलता के बल पर पुलिस विभाग की गरिमा को और ऊंचाई तक पहुंचाएंगे। उन्होंने सेवा भावना, अनुशासन एवं निष्पक्ष कार्यशैली को पुलिस की सबसे बड़ी पहचान बताया।
पीपिंग समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच नवपदोन्नत एएसआई का उत्साहवर्धन किया। समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण एवं गौरवपूर्ण रहा। पदोन्नति प्राप्त सभी अधिकारियों ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया।