सखी वार्ता में महिलाओं को अधिकारों व सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
लखीसराय। महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान में तथा महिला सशक्तिकरण केंद्र के सहयोग से सूर्यगढ़ा नगर परिषद के नया टोला में सोमवार को 'सखी वार्ता' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वंचित, पीड़ित एवं शोषित महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं, घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम तथा बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना था।
जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने मिशन शक्ति के अंतर्गत संचालित वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ एवं महिला सशक्तिकरण केंद्र की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के तहत छोटे परिवार, सही उम्र में विवाह तथा बच्चों के जन्म में कम से कम तीन वर्ष का अंतर रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. मनीष मिश्रा ने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी। शक्ति सदन की आवासीय अधीक्षिका निभा कुमारी ने कहा कि सखी वार्ता का उद्देश्य अंतिम पायदान पर बैठी महिलाओं तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है।
कार्यक्रम के अंत में लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी ने सभी महिलाओं को बाल विवाह नहीं करने और न होने देने की सामूहिक शपथ दिलाई। इस अवसर पर लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार, आंगनबाड़ी सेविका प्रीति कुमारी, रौशनी कुमारी, मंजू कुमारी, सामाजिक कार्यकर्ता प्रमोद राठौर, पप्पू केडिया, प्रमोद कुमार सिंह, प्रभाकर सिंह, किशोर कुमार सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदियों एवं स्थानीय महिलाओं ने भाग लिया।