खजाने की तलाश में जेसीबी से खेत की खुदाई का आरोप, पुलिस से कार्रवाई की मांग
बांदा। थाना गिरवां क्षेत्र के स्योंढा गांव निवासी अशरफ खान पुत्र रशीद अहमद खान ने चौकी इंचार्ज विन्ध्वासिनी देवी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उनके खेत में अज्ञात लोगों द्वारा जेसीबी मशीन से अवैध खुदाई की गई है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार अशरफ खान की लगभग दो बीघा कृषि भूमि गाटा संख्या 198, अकबरपुर स्योंढा, जनपद बांदा में स्थित है। उनके बटाईदार ने उन्हें सूचना दी कि खेत में लगा एक बबूल का पेड़ गिरा दिया गया है तथा पुराने पत्थरों से बना चबूतरा भी ध्वस्त कर दिया गया है। इसके अलावा खेत में जेसीबी मशीन से बड़ा गड्ढा खोदा गया है।
अशरफ खान का कहना है कि घटनास्थल की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि किसी व्यक्ति या समूह ने खजाने की तलाश के उद्देश्य से खेत की खुदाई की है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में पहले भी खजाने की लालच में जमीन की खुदाई की घटनाएं सामने आती रही हैं और खजाना मिलने की चर्चाएं भी होती रही हैं।
पीड़ित के भाई सईद अहमद खान ने बताया कि स्योंढा क्षेत्र ऐतिहासिक महत्व का रहा है। यह इलाका पूर्व में एक रियासत का हिस्सा माना जाता है, जहां आज भी कई पुराने किले और ऐतिहासिक संरचनाएं मौजूद हैं। इसी कारण समय-समय पर खजाने की अफवाहों के चलते अवैध खुदाई की घटनाएं होने की बातें सामने आती रहती हैं।
पीड़ित ने चौकी इंचार्ज विन्ध्वासिनी देवी, थाना गिरवां से मामले की निष्पक्ष जांच कर अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
#BandaNews
#GirwanPolice
#SyondhaVillage
#IllegalExcavation
#UPNews
Banda, Banda | Aug 8, 2026