कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र के खुट्टा गांव के पास बीती देर रात हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान बिहार के रजौली थाना क्षेत्र के जुगनी गांव निवासी नरेश रविदास के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक सतगावां थाना क्षेत्र के ठेसवा निवासी महेश रविदास के रुप मे हुई है। जानकारी के अनुसार दोनो युवक मोटरसाइकिल से बासोडीह की ओर से गावां की तरफ जा रहे थे तभी खुट्टा-बागी के समीप सड़क पर गिट्टी और डस्ट रखा हुआ था। विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक की तेज रोशनी के कारण गिट्टी-डस्ट दिखाई नहीं दिया और बाइक उस पर चढ़कर अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित बाइक उछलकर विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां लाया गया, जहां चिकित्सकों ने नरेश रविदास को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल महेश रविदास को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कोडरमा रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही सतगावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।