जगाधरी स्कूल में विश्व ओजोन दिवस पर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश, पौधारोपण व प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से किया जागरूक....
यमुनानगर। (राष्ट्रीय कदम ब्यूरो)। मुख्य प्रचार अधिकारी श्रीमती सरोज पंवार के निर्देशानुसार जीएमएसएसएस स्कूल जगाधरी में प्रचार एवं प्रशिक्षण रेंज अंबाला तथा वन विभाग हरियाणा की ओर से विश्व ओजोन दिवस के उपलक्ष्य में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल के करीब 155 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों को ओजोन परत के महत्व तथा पर्यावरण संरक्षण के उपायों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ पौधारोपण के साथ किया गया। इस दौरान वन विभाग हरियाणा की ओर से तरुण कुमार एवं राकेश कुमार उपस्थित रहे। विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में 9वीं कक्षा के पीयूष ने प्रथम, अमन मिश्रा ने द्वितीय, साक्षी ने तृतीय तथा भूपेंद्र ने चौथा स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं सभी विद्यार्थियों को प्रचार सामग्री भी वितरित की गई।
स्कूल के प्रधानाचार्य मोहम्मद जावेद ने विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति सजग एवं सचेत रहने का संदेश देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और प्रकृति की रक्षा में योगदान देने का आह्वान किया।