औरंगाबाद के लाल का देश सेवा का सपना रह गया अधूरा, कैंसर से जंग हारे BSF सब इंस्पेक्टर शुभम, तिरंगे में लिपटा गांव पहुंचा लाल।
देश सेवा का सपना देखने वाला लोहरचक गांव का लाल यह जंग हार गया। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) के 26 वर्षीय सब-इंस्पेक्टर शुभम कुमार का ब्लड कैंसर से निधन हो गया। बुधवार शाम जब उनका पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटा पैतृक गांव लोहरचक पहुंचा तो पूरे इलाके में मातम की लहर दौड़ गई। भारत माता के जयकारों के बीच सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई।
*एक साल पहले ही मिली थी देश सेवा की जिम्मेदारी*
परिजनों के अनुसार शुभम बचपन से ही मेधावी, अनुशासित और शांत स्वभाव के थे। पढ़ाई में उनकी विशेष रुचि थी। कड़ी मेहनत और लगन के दम पर करीब एक साल पहले उनका चयन BSF में सब-इंस्पेक्टर के पद पर हुआ था। ट्रेनिंग पूरी करने के बाद उनकी पहली पोस्टिंग राजस्थान के जोधपुर में हुई थी। नौकरी मिलने के बाद परिवार सहित पूरे गांव में खुशी का माहौल था। माता-पिता को गर्व था कि बेटा देश सेवा करते हुए परिवार का नाम रोशन करेगा, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
*दिल्ली AIIMS में ली अंतिम सांस*
कुछ समय बाद ही अचानक शुभम की तबीयत बिगड़ने लगी। जांच में उन्हें ब्लड कैंसर होने की पुष्टि हुई। इलाज शुरू हुआ, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। करीब एक सप्ताह पहले बेहतर इलाज के लिए उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया था। मंगलवार दोपहर उन्होंने अंतिम सांस ली। निधन की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
*शिक्षित परिवार का होनहार बेटा था शुभम*
शुभम एक शिक्षित और सभ्य परिवार से ताल्लुक रखते थे। उनके पिता कमता यादव मध्य प्रदेश में बिरला कंपनी में कार्यरत हैं। बड़ी बहन अंकिता बिहार पुलिस में सेवा दे रही हैं, जबकि छोटा भाई शिवम इंजीनियर है। जवान बेटे को खोने के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव वाले भी इस असमय निधन से स्तब्ध हैं।
अंतिम विदाई के मौके पर पूर्व मंत्री सुरेश पासवान, कुटुंबा विधायक ललन भुइयां,मुखिया मंजीत यादव, सत्यनारायण शर्मा, अजय यादव, धर्मेंद्र सिंह और राहुल सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। देश सेवा का सपना देखने वाला यह होनहार जवान भले ही दुनिया से चला गया, लेकिन उसकी यादें गांव और परिवार के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगी।