#नालंदा - भागन बीघा चौक के समीप नूरसराय मार्ग में यात्री से भरी बस और ट्रक की आमने सामने हुई भीषण टक्कर,बस पर सवार तीन यात्री हुए जख्मी
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
नालंदा जिले के भागन बीघा थाना क्षेत्र में भागन बीघा चौक के पास शुक्रवार की शाम नूरसराय मार्ग पर यात्री बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस पर सवार तीन यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दुर्घटना के बाद स्टेट हाईवे-78 पर कुछ देर तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगने से यातायात भी प्रभावित हुआ।
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही भागन बीघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को इलाज के लिए बिहारशरीफ स्थित सदर अस्पताल भेजा। वहीं, हादसे की सूचना मिलने पर वेना और रहुई थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रक नूरसराय की ओर से आ रहा था, जबकि यात्री बस रहुई की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस चालक द्वारा ओवरटेक करने के प्रयास में दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रक की रफ्तार कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा घटना और गंभीर हो सकती थी।
भागन बीघा ओपी थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी ने बताया कि हादसे में नूरसराय थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव निवासी स्वर्गीय निर्मल कुमार के 36 वर्षीय पुत्र रंजीत सिंह, पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र के चिरौरा गांव निवासी पिल्लू कुमार की पत्नी कृतियां देवी तथा गौरीचक थाना क्षेत्र के उफा गांव निवासी मुन्ना कुमार की पत्नी सरोज देवी गंभीर रूप से जख्मी हुई हैं। तीनों का इलाज बिहारशरीफ स्थित मॉडल अस्पताल में कराया जा रहा है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि हादसे की सूचना फोन के माध्यम से घायलों के परिजनों को दे दी गई है। वहीं, बस चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाए जाने के बाद यातायात सामान्य कर दिया गया।
Rahui, Nalanda | Oct 2, 2026