गंडक के बढ़ते जलस्तर को लेकर डीएम-एसपी ने तटबंधों का लिया जायजा संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश
गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला पदाधिकारी श्री समीर सौरभ (भा. प्र.से.) एवं पुलिस अधीक्षक श्री विनय तिवारी ने बुधवार को बैकुंठपुर प्रखंड के शीतलपुर-परखा क्षेत्र में रिंग बांध के क्षतिग्रस्त हिस्से सहित मुख्य सारण तटबंध का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने तटबंधों की स्थिति एवं संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया।डीएम ने बसहिया प्यारेपुर से डुमरिया घाट रिवर फ्रंट तक तटबंध के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को तटबंधों की 24×7 निगरानी तथा कटाव, रिसाव या अन्य समस्या की स्थिति में तत्काल सुरक्षात्मक एवं मरम्मती कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रभावित क्षेत्रों में रेस्क्यू टीमों की तैनाती कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। गौरतलब है कि सभी संवेदनशील तटबंधों की पहचान कर संवेदनशील तटबंधों, छरकियों की सतत निगरानी हेतु अतिरिक्त पदाधिकारी एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति भी की गई है।डीएम ने आम लोगों से अपील की कि जलभराव एवं नदी के संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचें तथा प्रशासन द्वारा चिह्नित सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर जाएं। उल्लेखनीय है कि नदी में पानी का दबाव धीरे धीरे कम हो रहा है तथा जलस्तर कम होना शुरू हो गया है। सभी प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग की जा रही है।जिला प्रशासन एवं पुलिस की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार भ्रमण एवं निगरानी कर रही हैं। राहत-बचाव कार्य, तटबंध सुरक्षा एवं प्रभावित लोगों की सुरक्षा के लिए राहत शिविर, मेडिकल कैंप, प्लास्टिक बैग का वितरण, एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीम की प्रतिनियुक्ति तथा सभी प्रभावित क्षेत्रों में सामुदायिक रसोई का संचालन शुरू कर दिया गया है।
Rahui, Nalanda | Sep 30, 2026