*रेडक्रॉस के स्वास्थ्य एवं जनसेवा कार्यों की समीक्षा, 150 स्वास्थ्य शिविरों से 35 हजार लोगों को मिला लाभ*
*50 नेत्र शिविरों में 2,500 मरीजों का चिन्हांकन, 490 मोतियाबिंद ऑपरेशन, रक्तदान शिविरों में 412 यूनिट रक्त संग्रह*
भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मध्यप्रदेश रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन श्री श्याम सिंह कुमरे की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले में रेडक्रॉस के माध्यम से संचालित स्वास्थ्य एवं जनसेवा गतिविधियों की समीक्षा की गई। वर्ष 2026 में जिले में आयोजित 150 स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से लगभग 35 हजार लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। वहीं 50 नेत्र शिविरों में 2,500 मरीजों का चिन्हांकन कर 490 मोतियाबिंद ऑपरेशन किए गए। इसके साथ ही 46 रक्तदान शिविरों के माध्यम से 412 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। रेडक्रॉस सोसायटी के 43 नए सदस्य भी बनाए गए हैं।
बैठक में सिकल सेल स्क्रीनिंग, गर्भवती महिलाओं में एनीमिया उपचार, क्षय रोग नियंत्रण, प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र एवं वृद्धजन स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की जानकारी दी गई। जिले में 91,451 लोगों की सिकल सेल स्क्रीनिंग में 96 मरीज चिन्हित हुए हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है। गर्भवती महिलाओं के 11,050 पंजीयन में 4,696 मॉडरेट एवं 419 सिवियर एनीमिक महिलाएं चिन्हित हुईं, जिनमें क्रमशः 4,120 एवं 396 महिलाओं का उपचार किया गया। वहीं 881 क्षय रोग मरीजों के उपचार एवं पोषण सहयोग के लिए 2,013 निक्षय मित्र कार्यरत हैं। निरोगी काया अभियान के तहत 3,95,120 लोगों का चिन्हांकन कर 1,42,691 व्यक्तियों की हाईपरटेंशन तथा 1,47,000 लोगों की डायबिटीज जांच की गई। जिला चिकित्सालय में प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र संचालित है तथा इसके नवीन भवन एवं विकासखंड स्तर पर जन औषधि केन्द्रों के लिए कक्ष निर्माण का कार्य प्रचलित है। रेडक्रॉस द्वारा वृद्धाश्रम में प्रतिमाह बुजुर्गों के स्वास्थ्य की देखभाल के साथ जरूरतमंद मरीजों को उपचार हेतु आर्थिक सहायता तथा सड़क दुर्घटनाओं में मृत व्यक्तियों के परिजनों को भी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
बैठक में युवक रेडक्रॉस एवं जूनियर रेडक्रॉस गतिविधियों को सक्रिय करने, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों से संपर्क बढ़ाने तथा जिले में जनसेवा गतिविधियों का विस्तार करने पर चर्चा की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर श्री जे.पी. यादव, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर श्री अक्षय डिगरसे, रेडक्रॉस समिति चेयरमैन श्री नरेंद्र राजपूत सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं रेडक्रॉस समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
#Dindori #DindoriDistrict #MadhyaPradesh #IndianRedCrossSociety #RedCross #HealthServices #PublicHealth #HealthCamps #BloodDonation #EyeCare #CataractSurgery #SickleCellScreening #TBControl #AnemiaAwareness #HealthcareForAll #SocialService #ShyamSinghKumre #DivyanshuChaudhary #JansamparkDindori
3 views | Dindori, Madhya Pradesh | Nov 23, 2026