प्रेस विज्ञप्ति-1
स्थान- नालन्दा
दिनांक : 03 अगस्त 2026
*साप्ताहिक समीक्षा बैठक में 79वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों एवं लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जिलाधिकारी ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश*
• 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौक़े पर तिरंगा यात्रा तीन चरणों में जनभागीदारी के साथ आयोजित होगी।
• सहयोग पोर्टल, लोक शिकायत एवं NHRC से संबंधित लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करते हुए किसी भी स्तर पर अनावश्यक लंबितता नहीं रखने का निर्देश दिया गया।
• राशन कार्ड निर्माण, हर घर नल का जल योजना के लंबित भुगतान, अभियान बसेरा-2 तथा डिग्री कॉलेज के लिए भूमि उपलब्धता सहित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
• विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में स्लोगन लेखन, चित्रकला, सेल्फी प्रतियोगिता, सामूहिक वंदे मातरम् गायन सहित विभिन्न राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम आयोजित कराने का निर्देश।
*बिहारशरीफ (नालंदा):* लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन तथा आगामी 79वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने समाहरणालय स्थित न्यू एनआईसी बैठक कक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में सभी विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जवाबदेही के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और हर घर तिरंगा अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए। बैठक में सभी जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिला स्तर पर सहयोग पोर्टल पर 60 दिनों से अधिक समय से लंबित सभी मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर अनावश्यक लंबितता स्वीकार्य नहीं होगी। साथ ही राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) से संबंधित सभी मामलों का जिला स्तर पर त्वरित निष्पादन कर मुख्यालय को भेजना सुनिश्चित किया जाए तथा जिला स्तर पर कोई भी मामला लंबित नहीं रहना चाहिए।
अभियान बसेरा-2 के अंतर्गत नालन्दा जिला ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल की है।
बैठक में डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए शीघ्र भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि चयन करते समय उसकी बेहतर सड़क एवं परिवहन कनेक्टिविटी का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि भविष्य में विद्यार्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
राशन कार्ड निर्माण की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में कम राशन कार्ड बने हैं, वहां विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जाए। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी पूरी गंभीरता एवं समर्पण के साथ कार्य करें।
हर घर नल का जल योजना के अंतर्गत लंबित भुगतान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने तथा सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
आगामी 79वें स्वतंत्रता दिवस एवं हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि तिरंगा यात्रा का आयोजन तीन चरणों में किया जाएगा। 11 अगस्त को प्रखंड स्तर पर, 12 अगस्त को जिला स्तर पर तथा 13 अगस्त को राजधानी पटना में राज्य स्तरीय तिरंगा यात्रा आयोजित होगी।
उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर घर तिरंगा अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचे और कोई भी घर इस अभियान से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में स्लोगन लेखन प्रतियोगिता, ड्राइंग प्रतियोगिता, सेल्फी प्रतियोगिता, सामूहिक वंदे मातरम् गायन सहित विभिन्न राष्ट्रभक्ति आधारित कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा तथा इन गतिविधियों का नेतृत्व शिक्षा विभाग करेगा।
उन्होंने जिला स्तर पर समाहरणालय से कारगिल पार्क तक भव्य तिरंगा यात्रा आयोजित करने तथा स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों एवं राष्ट्रभक्ति से संबंधित विषयों पर विभिन्न स्थानों पर आकर्षक वॉल पेंटिंग कराने का भी निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक सरकारी कार्यालय में नियमानुसार राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए तथा ध्वज वितरण की ऐसी व्यवस्था की जाए कि प्रत्येक वार्ड एवं प्रत्येक घर तक तिरंगा समय पर पहुंच सके।
बैठक में लोक शिकायतों, सहयोग पोर्टल, न्यायालयीन मामलों एवं अन्य विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को समयबद्ध निष्पादन, नियमित मॉनिटरिंग एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
General Administration Department, Govt. of Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Bihar Education Department
Food & Consumer Protection Dept., Govt. of Bihar
Public Health Engineering Department, Government of Bihar
Press Information Bureau - PIB, Government of India
Nalanda, Bihar | Aug 3, 2026