खड़ी ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से जा घुसे बाइक सवार चाचा भतीजा, दोनों की मौत
- ट्रैक्टर ट्राली में लदी थी ईंट, ढोलिया चौराहा के पास हुई घटना
- बहन के घर से भतीजे साथ लौट रहा था युवक
हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र में ढोलिया तिराहा के पास शनिवार देर शाम बिलग्राम मार्ग पर ईंट लदी ट्रैक्टर ट्राली में बाइक सवार चाचा भतीजा पीछे से जा घुसे। गंभीर रूप से घायल चाचा भतीजे की उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली कब्जे में ले लिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर निवासी सत्यपाल (35) दिल्ली में ठेके पर गाजर की खेती करते थे। पिछले एक माह से वह गांव में थे। शनिवार दोपहर वह अपने भतीजे सूरज (20) के साथ कोडरा निवासी अपनी बहन अमरवती के घर गए थे। देर शाम चाचा भतीजा बाइक से वापस सिकंदरपुर जा रहे थे। सुरसा थाना क्षेत्र में ढोलिया तिराहा के पास सड़क पर खड़ी ईंट लदी ट्रैक्टर ट्राली में बाइक पीछे से जा घुसी। हादसे में सत्यपाल और सूरज गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का पता चलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी सुरसा पहुंचाया। यहां से दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में रात लगभग नौ बजे सूरज की उपचार के दौरान मौत हो गई। आधीरात के बाद सत्यपाल ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सूरज सात भाई बहनों में तीसरे नंबर के और अविवाहित थे। वह ट्रक चलाकर परिवार के भरण पोषण में सहयोग करते थे। घटना का पता चलने पर सूरज की मां लौंगश्री और पिता रधुनाथ बदहवास हो गए। थानाध्यक्ष विश्वास शर्मा ने बताया कि खड़ी ट्रैक्टर ट्राली में बाइक सवार पीछे से घुसे हैं। ट्रैक्टर ट्राली पुलिस के कब्जे में है।
इनसेट
पत्नी ने छह माह पहले कर ली दूसरी शादी
सत्यपाल के परिवार में पत्नी नीतू और दो बेटे हैं। भतीजे राजीव ने बताया कि सत्यपाल शराब पीकर नीतू के साथ मारपीट करते थे। इसलिए नीतू उन्हें छोड़कर पिछले दो साल से अपने मायके में रह रही थीं। छह माह पहले नीतू ने बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के तरौली गांव निवासी शेरू से शादी कर ली थी।
Hardoi, Hardoi | Nov 15, 2026