जीत के बाद बाबा गरीबनाथ के दरबार में पहुंचे नरेंद्र प्रसाद सिंह, प्रमाण पत्र अर्पित कर लिया आशीर्वाद
594 मतों से जीत के बाद निकला विजय जुलूस, समर्थकों में दिखा उत्साह
मुजफ्फरपुर। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी डॉ. नरेंद्र प्रसाद सिंह ने एमएलसी चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने के बाद मंगलवार को बाबा गरीबनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की और बाबा का आशीर्वाद लिया। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 594 मतों से पराजित किया, जबकि वर्तमान एमएलसी तीसरे स्थान पर रहे। उनकी जीत से मुजफ्फरपुर सहित पूरे तिरहुत क्षेत्र में एनडीए कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल है।
जीत का प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद डॉ. नरेंद्र प्रसाद सिंह का काफिला विजय जुलूस में तब्दील हो गया। खुले जीप पर सवार होकर वे बाबा गरीबनाथ धाम पहुंचे। विजय जुलूस में बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सुरेश कुमार शर्मा, भाजपा प्रदेश कार्यान्वयन समिति के सदस्य डॉ. राजेश वर्मा, भाजपा राष्ट्रीय कार्यसमिति महिला मोर्चा की सदस्य डॉ. ममता रानी, भाजपा मुजफ्फरपुर पूर्वी के जिलाध्यक्ष विवेक कुमार, पश्चिमी जिलाध्यक्ष हरिमोहन चौधरी, जिला मंत्री मनोज तिवारी, रविशंकर कुशवाहा और आशीष पिंटू सहित कई नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
बाबा गरीबनाथ धाम में मंदिर के पुजारी वैद्यनाथ पाठक ने विधिवत पूजा-अर्चना कराई। इस दौरान डॉ. नरेंद्र प्रसाद सिंह ने अपनी जीत का प्रमाण पत्र बाबा गरीबनाथ को अर्पित किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जीत पर खुशी जताते हुए इसे शिक्षकों के विश्वास और एनडीए की एकजुटता का परिणाम बताया।
डॉ. नरेंद्र प्रसाद सिंह ने अपनी जीत का श्रेय मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी और शिवहर के शिक्षक मतदाताओं के साथ एनडीए के सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने इसे सामूहिक प्रयासों की सफलता बताते हुए शिक्षकों के विश्वास के प्रति आभार जताया।