*जी.एम. विक्रमशिला उच्च विद्यालय, अंतीचक में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत पेंटिंग एवं खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित*
*उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित*
भागलपुर, 28 सितंबर 2026। प्रखंड कहलगांव अंतर्गत अंतीचक स्थित जी.एम. विक्रमशिला उच्च विद्यालय परिसर में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान एवं आईटीसी (ITC) ‘मिशन सुनहरा कल’ के संयुक्त तत्वावधान में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय जनसमुदाय के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा दैनिक जीवन में स्वच्छता को अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों के बीच स्वच्छता विषय पर आधारित पेंटिंग प्रतियोगिता एवं विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पेंटिंग प्रतियोगिता के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने रंगों एवं रेखाओं के जरिए स्वच्छता के महत्व, गीला एवं सूखा कचरा प्रबंधन, खुले में शौच से मुक्ति तथा पर्यावरण संरक्षण का सुंदर एवं प्रेरक संदेश दिया। वहीं, खेलकूद गतिविधियों में भी विद्यार्थियों ने उत्साह एवं ऊर्जा के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम में स्थानीय माननीय मुखिया एवं विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। यदि वे बचपन से ही स्वच्छता की आदत अपनाएंगे, तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे समाज एवं गांव पर पड़ेगा। उन्होंने आईटीसी ‘मिशन सुनहरा कल’ एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के संयुक्त प्रयास की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तथा स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने वाले छात्र-छात्राओं को माननीय मुखिया एवं विद्यालय के शिक्षकों द्वारा मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया।
अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने अपने विद्यालय, घर एवं गांव को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।
जिला जनसंपर्क कार्यालय,
भागलपुर।
#CMSamrat
#samratchoudhary
Bhagalpur, Bihar | Sep 28, 2026