➡️ न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह का किया शुभारंभ
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बैतूल के तत्वधान में आयोजित "न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह" का औपचारिक शुभारंभ शनिवार को शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम को शुभारंभ राष्ट्रीय गीत की वंदना के पश्चात मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने अपने उद्बोधन में विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका, निःशुल्क विधिक सहायता, कमजोर एवं वंचित वर्गों के अधिकार तथा विद्यार्थियो से अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में विधिक जागरूकता का संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया। उन्होंने बाल दिवस के अवसर पर समस्त विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामना दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिये शुभकामना प्रेषित की। व्यवहार न्यायाधीश श्री शुभम नीमा ने साइबर लॉ तथा उसके सुरक्षित प्रयोग करने के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की इसके अतिरिक्त व्यवहार न्यायाधीशं श्रीमती संघप्रिया भद्रसेन एवं सुश्री रूचि पांडे के द्वारा किशोर न्याय अधिनियम एवं पॉक्सो अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण विषयो के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं जिला न्यायाधीश सचिन कुमार घोष ने बताया कि 14 नवम्बर से 20 नवम्बर तक "न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह" के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा विद्यार्थियों तथा आम जनता को उनके विधिक अधिकारों एवं कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु निबंध लेखन, चित्रकला विधिक साक्षरता शिविर, रैली, कार्यशालाएँ जैसी विभिन्न प्रकार की गतिविधियों का आयोजन स्कूल, कॉलेज, जेल, ग्रामिण क्षेत्रो तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती संगीता भारती राठौर, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री मिथिलेश डेहरिया, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती पूनम बरकड़े तथा विद्यालय के प्राचार्य श्रीमती निशी शर्मा उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Law & Legislative Affairs, Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul