नेशनल स्ट्रेंथ लिफ्टिंग चैंपियनशिप में गिरिडीह का जलवा, उस्मान ने जीता गोल्ड तो हम्माद को मिला कांस्य पदक
गिरिडीह। गुजरात के सूरत में 25 से 28 नवंबर तक आयोजित 36वीं राष्ट्रीय स्ट्रेंथ लिफ्टिंग चैंपियनशिप में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 12 पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में देश के 24 राज्यों से करीब 600 से 700 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।
इस प्रतियोगिता में गिरिडीह के मोहम्मद उस्मान ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया, जबकि हम्माद अख्तर ने कांस्य पदक के साथ बेस्ट अचीवमेंट अवॉर्ड हासिल किया। वहीं, मोहम्मद उस्मान को भी अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
इस सफलता का श्रेय झारखंड स्ट्रेंथ लिफ्टिंग एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी अशोक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन और सहयोग को दिया गया। वहीं, खिलाड़ियों को सलूजा गोल्ड का भी विशेष सहयोग मिला।
दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर गिरिडीह सहित पूरे झारखंड में खुशी की लहर है।