सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, बेंगाबाद और खंडोली चौक पर चला जागरूकता अभियान
गिरिडीह। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के पालन को लेकर जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत बेंगाबाद थाना एवं खंडोली चौक पर संयुक्त जागरूकता अभियान चलाया। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार, मोटरयान निरीक्षक एवं यातायात प्रभारी ने वाहन चालकों को हेलमेट, सीटबेल्ट और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के महत्व की जानकारी दी।
इस दौरान स्कूली बसों का भी सघन निरीक्षण किया गया। बसों में फर्स्ट एड किट, अग्निशमन यंत्र और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच कर चालकों को बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता और जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
Giridih, Giridih | Nov 28, 2026