15 मिनट की बारिश ने उरई की जल निकासी व्यवस्था की खोली पोल, कई इलाकों में जलभराव; दुकानों में घुसा गंदा पानी
उरई (जालौन)। मंगलवार दोपहर हुई करीब 15 मिनट की तेज बारिश ने उरई नगर की जल निकासी व्यवस्था की हकीकत सामने ला दी। मामूली बारिश के बाद ही शहर के कई प्रमुख मार्गों और मोहल्लों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे आमजन और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
लालमन चौराहा, यादव गारमेंट के आसपास का क्षेत्र, वार्ड संख्या-19 चंद्र नगर, जवाहरगंज, प्रेम नगर और सूर्य नगर समेत कई इलाकों में नालियों का गंदा पानी सड़कों पर फैल गया। जलभराव के कारण कई दुकानों में गंदा पानी घुस गया, जिससे व्यापारियों का सामान खराब हो गया और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
सड़कों पर जमा गंदे पानी के कारण राहगीरों, महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों का आवागमन प्रभावित रहा। लोगों को घुटनों तक भरे बदबूदार पानी से होकर गुजरना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश थमने के काफी समय बाद भी पानी की निकासी नहीं हो सकी, जिससे नगर पालिका की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने नगर पालिका प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि हर बारिश में यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
#orai #jalaun #konch #kalpi #madhaugadh
फ़ोटो क्रेडिट: अमर उजाला
Orai, Jalaun | Jul 28, 2026