पुरुषोत्तम मास की पूर्णाहुति पर भव्य संत समागम, स्वामी हंसराम ने दिया सेवा और रामनाम का संदेश
भीलवाड़ा( महेन्द्र नागौरी) हरि शेवा उदासीन आश्रम, सनातन मंदिर में पुरुषोत्तम मास के अवसर पर एक माह से चल रहे धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों का समापन सोमवार को संत समागम, विष्णु यज्ञ पूर्णाहुति, रुद्राभिषेक, विप्र पूजन एवं भव्य गंगा आरती के साथ श्रद्धा और भक्ति के माहौल में हुआ।
महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन महाराज ने कहा कि सेवा, सिमरन और रामनाम ही मानव जीवन की सबसे बड़ी साधना हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से सनातन संस्कृति, गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा के लिए समर्पित रहने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि पुरुषोत्तम मास के दौरान कथा, यज्ञ, अखंड रामनाम संकीर्तन, अन्नक्षेत्र एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में देश-विदेश से श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया।
संत समागम में देशभर से आये संत-महात्माओं ने अपने आशीर्वचन दिए। सांसद दामोदर अग्रवाल एवं विधायक अशोक कोठारी ने भी आश्रम की धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों की सराहना की।
सायंकाल आयोजित गंगा आरती में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मंत्रोच्चार, भजन एवं जयघोषों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। संत सम्मान, विप्र पूजन और महाप्रसादी के साथ पुरुषोत्तम मास के मासव्यापी धार्मिक आयोजनों का विधिवत समापन हुआ।