विशेष ग्राम सभा में ग्रामीणों से रूबरू हुए उपायुक्त सतबीर सिंह:-
- ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
- सरकारी योजनाओं एवं गांव में उपलब्ध सुविधाओं की ली जानकारी
- उपायुक्त ने की गांव के आपसी भाईचारे, स्वच्छता एवं सार्वजनिक धरोहरों के बेहतर रखरखाव की सराहना
रोहतक, 2 अक्तूबर। उपायुक्त सतबीर सिंह आज विशेष ग्राम सभा के आयोजन के अवसर पर गांव बहु जमालपुर की ग्राम पंचायत में पहुंचे। गांव में पहुंचने पर सरपंच संजय, ग्राम पंचायत सदस्यों तथा गांव के गणमान्य व्यक्तियों ने उपायुक्त सतबीर सिंह का स्वागत किया।
इस अवसर पर उपायुक्त सतबीर सिंह ने ग्रामीणों के साथ सहज एवं आत्मीय माहौल में बैठकर बातचीत की तथा उनकी रोजमर्रा की जिंदगी, समस्याओं और गांव में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों से विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने की स्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की और संबंधित विभागों से जुड़ी आवश्यकताओं पर चर्चा की। उपायुक्त ने ग्रामीणों से खेती-बाड़ी, पशुपालन तथा गांव में उपलब्ध अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
सतबीर सिंह ने गांव में पीने के पानी की व्यवस्था, खेल सुविधाओं तथा गांव के खिलाड़ियों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने गांव की बेटियों में हॉकी खेल के प्रति बढ़ते रुझान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। साथ ही, गांव बहु जमालपुर द्वारा मुख्यमंत्री जागृति पुरस्कार प्राप्त करने पर ग्रामवासियों को बधाई दी। उन्होंने पशुओं में होने वाली बीमारियों तथा पशुओं के वैक्सीनेशन की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। ग्रामीणों द्वारा गांव में मिसमैच की समस्या से भी उपायुक्त को अवगत कराया गया।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने गांव में आपसी भाईचारे, स्वच्छता तथा सार्वजनिक धरोहरों के सुंदर एवं बेहतर रखरखाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और वर्तमान समय में स्वच्छता का विशेष महत्व है। उन्होंने ग्रामीणों से गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने तथा सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला विकास एवं पंचायती अधिकारी राजपाल चहल सहित ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि, पंचायत सदस्य एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
फोटो: 23 व 24
0 0 0 0 0 0 0 0 0
Uklana, Hissar | Oct 2, 2026