मैलिंग महादेव प्रांगण में शुरू हुआ जागरा अनुष्ठान का आयोजन
Kullu Times
जिला लाहुल स्पीति जिला मुख्यालय केलांग से 20 किलोमीटर दूर पट्टन घाटी का मेलिंग गाँव आजकल शिव शंकर के जयकारों से गुंजायमान है।हर वर्ष अगस्त महीने में मेलिंग महादेव मंदिर में यजमानों द्वारा उन की मन्नतें पूरी होने पर जागरा अनुष्ठान का आयोजन किया जाता है।इस जागरे का मुख्य आकर्षण गुरों की ग्राहणी यानी देऊखेल ही होता है। जागरे के दौरन पुरुष वर्ग बटबाण के साथ जयकारा लगाते हैं और शिवजी के गुर तथा अठारह नाग ओर राजा घेपन के गुर भविष्यवाणियां करते हैं। जागरे के दिन सैंकड़ों श्रद्धालुओं की आवभगत व सत्कार के लिये मेलिंग गाँव की महिलाएं एवं पुरुष पुजारी के घर दैनिक कार्य मे हाथ बटाने के लिये एकत्रित होते हैं। पूजा पाठ व अनुष्ठान का कार्य लौट गांववासियों के पहुंचने के बाद ही आरम्भ होता है।क्योंकि लोट गांववासियों को देवी पार्वती के मायके वाले माने जाते हैं।प्राचीन शिव मंदिर के गर्भगृह में उत्तर की ओर बड़ा शिवलिंग विराजमान है।मान्यता है कि इस मंदिर का निर्माण पांडवों के अज्ञातवास् के दौरान निर्मित किया गया था। इस मंदिर के प्रांगण में 51 शिवलिंग ,जिस में कुछ प्राचीन काल से विराजमान है तथा कुछ शिवलिंग श्रद्धालुओं द्वारा अपनी मन्नत पूरी होने पर स्थापित किये गए है। मेलिंग मंदिर की मणिमहेश के समकक्ष महता है,ओर शिवलिंग के नाम पर ही गांव का नाम मेलिंग रखा गया है।