विश्व पर्यावरण दिवस पर चित्रकूट से गूंजा हरियाली का संदेश, जनप्रतिनिधियों ने लिया प्रकृति संरक्षण का संकल्प।
चित्रकूट। बढ़ते प्रदूषण, लगातार कटते जंगल और बदलते मौसम के बीच विश्व पर्यावरण दिवस पर चित्रकूट के वन पार्क से पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया गया। "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों ने पौधरोपण कर न केवल हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने की जिम्मेदारी भी दोहराई।
*शुक्रवार को चित्रकूट वन परिक्षेत्र स्थित वन पार्क में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सतना सांसद गणेश सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं बल्कि हर नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चित्रकूट विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और इनके बिना स्वस्थ पर्यावरण की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।
भाजपा जिला अध्यक्ष भगवती प्रसाद पांडे ने "एक पेड़ मां के नाम" अभियान को समर्पित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को दोहराया और सभी से अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का आग्रह किया।
चित्रकूट विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष विजय यादव ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है। वहीं नगर परिषद अध्यक्ष सुश्री साधना पटेल ने नगरवासियों से पौधरोपण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
इस दौरान वन विभाग के रेंजर रंजन सिंह परिहार सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
*कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का सामूहिक संकल्प लिया।*