स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम पर जिले में मनाया गया बारहवां अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस
जिला प्रशासन एवं आयुर्वेद विभाग के तत्वाधान में जिले में हजारों की संख्या में लोगों ने किया योगाभ्यास
धौलपुर, 21 जून। स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम पर जिला स्तर पर बारहवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह मचकुण्ड रोड स्थित परशुराम धर्मशाला पर प्रातः 6.30 बजे से आयोजित हुआ। योगाभ्यास से पूर्व प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कोलकाता से योग पर उद्बोधन का प्रसारण किया गया। योगाभ्यास में जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी, जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना सहित बड़ी संख्या में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, आरएसी के जवानों एवं आमजन द्वारा योगाभ्यास किया गया। पतंजलि योग पीठ वैलनेस सेन्टर हरिद्वार के पूर्व प्रबंधक आचार्य समग्र देव ने आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सूक्ष्म योग क्रियाओं के साथ कार्यक्रम की शुरूआत की। योग की शुरुआत में ग्रीवा संचालन, स्कंध संचालन, कटि संचालन, घुटना संचालन इत्यादि क्रियाएं कराई गईं। पतंजलि की योग टीम द्वारा ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन, शशकासन, वक्रासन, पवनमुक्तासन, सहित कपालभांति व अनुलोम विलोम, भ्रामरी आदि का अभ्यास कराया गया।
इस दौरान जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीनतम विद्या है। इसकी साधना वस्तुतः शरीर, मन और आत्मा को शुद्ध करने की एक प्रक्रिया है। स्वस्थ, तनाव मुक्त और अनुशासित जीवन के लिए योग का महत्व आज पूरा विश्व समझ रहा है। योग न केवल हमारा स्वाभिमान बढाता है बल्कि उपयोगी एवं आत्मनिर्भर बनाकर कौशल प्रदान करता है। योग करने से आत्मविश्वास बढ़ता है भावनात्मक बुद्धिमत्ता में सुधार, चिंता दूर करने में सहायक तथा मन भी शांत रहता हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य जीवन, तन और मन के लिए नियमित रूप से योगा करना चाहिए। योगाभ्यास से सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग डॉ. दिनेश शर्मा ने सभी अधिकारियों एवं आमजन का योगाभ्यास कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु आभार ज्ञापित किया। सत्र का समापन जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत द्वारा शान्ति पाठ से किया गया। इस दौरान 17 जून से 26 जून 2026 तक आयोजित किए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस सप्ताह के तहत जिला कलक्टर ने नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। इस अवसर पर नीरजा शर्मा, सुखराम कोली, उपाध्यक्ष धीर सिंह जादौन सहित आमजन एवं अधिकारी कर्मचारीगण मौजूद रहे।