फर्रुखाबाद में बिजली मिस्त्री की काम के दौरान करंट लगने से दर्दनाक मौत,ढाई साल का मासूम अनाथ
फर्रुखाबाद जनपद के मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र में शनिवार को बिजली फिटिंग का कार्य करते समय करंट लगने से एक बिजली मिस्त्री की मौत हो गई। 32 वर्षीय योगेन्द्र शाक्य को गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह घटना बाईपास पर कृष्णा पेट्रोल पंप के निकट हुई, जब योगेन्द्र शाक्य बिजली फिटिंग का काम कर रहे थे। अचानक करंट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मकान मालिक और किराएदार तुरंत उन्हें जिला अस्पताल लोहिया ले गए।अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने योगेन्द्र को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया और पुलिस को सूचना दी गई। योगेन्द्र शाक्य थाना मऊदरवाजा के ग्राम अजमतपुर निवासी मेघनाथ शाक्य के पुत्र थे।
योगेन्द्र की बाईपास से रेलवे क्रॉसिंग की ओर जाने वाले रास्ते के नुक्कड़ पर बिजली की दुकान थी। वह अपने चार भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। उनके परिवार में मां, पत्नी रिचा और ढाई वर्षीय पुत्र नितांश हैं।